गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सख्त निगरानी के बीच NDA/CDS परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम ने किया औचक निरीक्षण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतम बुद्ध नगर, 12 अप्रैल 2026।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), नई दिल्ली के निर्देशन में जनपद गौतम बुद्ध नगर के 08 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित एनडीए/एनए (I) एवं सीडीएस (I)-2026 परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकल-विहीन वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रशासन की कड़ी निगरानी और व्यापक तैयारियों के चलते परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रही।
जनपद में कुल 05 परीक्षा केंद्रों पर एनडीए/एनए (I) परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 1913 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 1455 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 458 अनुपस्थित रहे। वहीं, 03 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित सीडीएस (I) परीक्षा में 1187 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 706 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 481 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की निष्पक्षता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने नोएडा के सेक्टर-44 स्थित महामाया बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाएं, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा इंतजाम और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने केंद्र पर मौजूद व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पाई गईं और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
इस दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रशासन की मुस्तैदी और समन्वित प्रयासों के चलते जनपद में परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने से अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने भी राहत महसूस की।।
