शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: करोड़ों के फ्लैट की खुली पोल: आधी रात को गिरी बालकनी, बड़ा हादसा टला—LIVE वीडियो से उठे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: करोड़ों के फ्लैट की खुली पोल: आधी रात को गिरी बालकनी, बड़ा हादसा टला—LIVE वीडियो से उठे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महंगे आवासीय प्रोजेक्ट की निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ऐसे फ्लैट में, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है और जिसका मासिक किराया करीब 28 हजार रुपये है, अचानक बालकनी गिरने की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया।

जानकारी के अनुसार, किरायेदार सोनम सिंह रात के समय अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान कमरे के बाहर बनी बालकनी अचानक भरभराकर गिर गई। भारी मात्रा में कंक्रीट के टुकड़े तेज धमाके के साथ नीचे आ गिरे, जिससे कुछ क्षणों के लिए माहौल भूकंप जैसा प्रतीत हुआ।

गनीमत यह रही कि घटना के समय कोई भी व्यक्ति बालकनी में मौजूद नहीं था, अन्यथा यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।

पीड़िता सोनम सिंह ने घटना के तुरंत बाद मौके से ही LIVE वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें फ्लैट की स्थिति और गिरी हुई बालकनी साफ देखी जा सकती है। यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में भय व आक्रोश दोनों पैदा कर रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के हाई-राइज अपार्टमेंट्स की निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद यदि निवासियों को सुरक्षित आवास नहीं मिल पा रहा है, तो यह न सिर्फ बिल्डर्स बल्कि संबंधित प्राधिकरणों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई प्रोजेक्ट्स में निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी की जाती है, लेकिन बावजूद इसके उन्हें आसानी से NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) मिल जाती है। ऐसे में यह जांच का विषय बनता है कि आखिर किन परिस्थितियों में इस तरह के निर्माण को मंजूरी दी गई।

अब मांग उठ रही है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, बिल्डर की जिम्मेदारी तय की जाए और जिन अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट को पास किया, उनकी भूमिका की भी गहन जांच हो।

यह घटना एक चेतावनी है कि अगर समय रहते निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सख्ती नहीं की गई, तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे हो सकते हैं।।