शनिवार, 25 अप्रैल 2026

गोण्डा: पैसे के विवाद में युवक की सरेआम पिटाई, CCTV फुटेज वायरल होने के बाद इटियाथोक थाने में केस दर्ज

शेयर करें:
गोण्डा: इटियाथोक थाना क्षेत्र के विजयगढ़वा पंचायत स्थित नथुनिया मोड़ चौराहे पर बीते बृहस्पतिवार शाम को पैसे के लेन-देन को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। पूरी घटना पास की शराब दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू पड़ताल कर दी है। बताया जा रहा है कि बलरामपुर जिले के इन्दर डीहवा अमरहवा गांव निवासी सुनील कुमार ने सबलपुर निवासी श्रीराम राजभर को सदाशिव बाजार में राजाराम के होटल पर मिठाई बनाने का काम दिलवाया था। आरोप है कि श्रीराम कुछ दिन बाद काम अधूरा छोड़कर चला गया, जिसके चलते होटल मालिक ने उसका पूरा भुगतान नहीं किया। इसके बाद श्रीराम लगातार सुनील पर होटल मालिक से पैसे दिलवाने का दबाव बना रहा था।बृहस्पतिवार शाम को नथुनिया मोड़ पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि श्रीराम ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया। इसके बाद कई लोगों ने मिलकर सुनील को घेर लिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए सुनील पास की शराब की दुकान में घुस गया, लेकिन आरोपी उसे घसीटकर बाहर ले आए और फिर मारपीट की। इस दौरान चौराहे पर कई लोग मौजूद थे, मगर कोई बचाने आगे नहीं आया। काफी देर बाद कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित सुनील ने इटियाथोक थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है।