शनिवार, 25 अप्रैल 2026

गोण्डा- सर्राफा व्यापारी से लूट के इरादे से गोली मारकर घायल करने की घटना का पुलिस ने किया खुलासा

शेयर करें:
गोण्डा- छपिया थानाक्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से लूट के इरादे से गोली मारकर घायल करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो मुख्य अभियुक्तों, विवेक वर्मा और अनुराग पाण्डेय उर्फ शिवम पाण्डे को गिरफ्तार किया है। बीते 19 अप्रैल की शाम को बभनान निवासी बर्तन व ज्वेलर्स व्यापारी समर कसौधन जब दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तब फुलवा पर चौराहे के पास बदमाशों ने उन्हें टक्कर मार दी थी। आभूषणों से भरा बैग छीनने में नाकाम रहने पर बदमाशों ने उन पर जानलेवा फायरिंग की और मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को सकदरपुर- सिसई रानीपुर मार्ग से धर दबोचा। जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरी साजिश में दो अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल घायल व्यापारी की स्थिति सामान्य है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।