गौतमबुद्धनगर: श्रमिक दिवस पर गौतमबुद्धनगर में 201 स्वास्थ्य कैंपों का मेगा अभियान, जिलाधिकारी ने उद्यमियों के साथ बनाई रणनीति!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
01 मई को मेगा कैंप, मुफ्त इलाज, बीमा, स्किल डेवलपमेंट और शिक्षा योजनाओं का मिलेगा लाभ
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 25 अप्रैल 2026:
श्रमिकों के कल्याण और उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 01 मई को श्रमिक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मेगा कैंप को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रमिक दिवस पर जनपद में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य महा अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत 201 स्थानों पर स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों के साथ-साथ सभी सरकारी अस्पतालों और 22 निजी अस्पतालों में श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस मेगा अभियान के तहत केवल स्वास्थ्य सेवाएं ही नहीं, बल्कि विशेष कैंपों के माध्यम से श्रमिकों को स्किल डेवलपमेंट, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा उनके बच्चों की शिक्षा से जुड़ी योजनाओं पर भी स्टॉल लगाकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि 24 अप्रैल से 01 मई तक श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में लगातार मेडिकल कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि श्रमिकों को उनके कार्यस्थल या निवास के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इससे उन्हें इलाज के लिए अलग से अवकाश लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी और अधिक से अधिक श्रमिक इन सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
बैठक में उपस्थित उद्यमियों से जिलाधिकारी ने अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों को इन कैंपों के प्रति जागरूक करें और उन्हें स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र श्रमिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने यह भी आश्वस्त किया कि उद्यमियों के लिए संचालित सभी सरकारी योजनाओं की समेकित जानकारी उन्हें उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने उद्योगों को और अधिक सुदृढ़ बना सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार श्रमिकों के हितों की सुरक्षा और औद्योगिक विकास—दोनों को समान प्राथमिकता दे रही है।
बैठक के दौरान उद्यमियों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए, ताकि श्रमिक दिवस पर आयोजित होने वाला मेगा कैंप अधिक प्रभावी और सफल बन सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, नोएडा एंटरप्रिन्योर एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।।
