गौतमबुद्धनगर: औद्योगिक सुरक्षा और श्रमिक हितों पर बड़ा मंथन: पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मल्टीनेशनल कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों संग की अहम बैठक!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 25 अप्रैल 2026।
दो टूक//नोएडा, औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा, श्रमिकों के अधिकारों और बेहतर कार्य वातावरण को लेकर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में विभिन्न मल्टीनेशनल कंपनियों के एम.डी., सी.ई.ओ., एच.आर. हेड और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस अहम बैठक में औद्योगिक इकाइयों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से श्रमिकों की सुरक्षा, उनके हितों की रक्षा, कार्यस्थल की परिस्थितियों में सुधार, आवागमन की व्यवस्था और औद्योगिक क्षेत्र में समग्र सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया। पुलिस कमिश्नर ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को गंभीरता से सुना और उन्हें अमल में लाने का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम मजदूरी दरों में 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी और श्रमिक कल्याण से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी साझा की गई। पुलिस कमिश्नर ने कंपनियों से अपील की कि वे श्रमिकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा मानकों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें, ताकि कार्यस्थल पर पारदर्शिता और विश्वास का माहौल मजबूत हो सके।
इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों और श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा, जिससे किसी भी प्रकार के विवाद या असंतोष की स्थिति को समय रहते रोका जा सके और औद्योगिक क्षेत्रों में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उद्योगों की सुरक्षा और श्रमिकों के हितों की रक्षा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा लगातार ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे औद्योगिक विकास के साथ-साथ कानून-व्यवस्था भी सुदृढ़ बनी रहे। इस पहल से न केवल श्रमिकों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि निवेश और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।।
