गौतमबुद्धनगर: बिसरख पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से ज्वेलरी चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, अवैध हथियार और अपाचे बाइक बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कार से कीमती ज्वेलरी चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लाखों रुपये का सामान, अवैध हथियार तथा वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को ग्रीन आर्च सोसाइटी के सामने खड़ी एक कार को निशाना बनाते हुए आरोपियों ने उसमें रखी सोने की चेन और हाथ का ब्रेसलेट चोरी कर लिया था। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना बिसरख में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सक्रिय हुई पुलिस टीम ने 25 अप्रैल को ड्रीम वैली सोसाइटी के पास से दोनों अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित चौहान उर्फ बोबी (23 वर्ष) और सोनू ठाकुर (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के कला एन्क्लेव के निवासी हैं।
बरामदगी ने खोले कई राज
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 5 लाख रुपये कीमत की पीली धातु की चेन और ब्रेसलेट बरामद किया है। इसके अलावा रोहित के कब्जे से एक अवैध चाकू और सोनू के पास से .315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस भी मिला है। वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (UP14 GM 5002) भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
आपराधिक प्रवृत्ति के हैं आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और इनके खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक कनेक्शन और वारदातों की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और इसे सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है।।
