गौतमबुद्धनगर: नोएडा में हालातों के चलते भाकियू की महापंचायत स्थगित, हालात सामान्य होने पर जल्द नई तारीख का ऐलान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा, 15 अप्रैल।
जनपद गौतम बुद्ध नगर में चल रहे मजदूर आंदोलन और बिगड़ते हालातों को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने 16 अप्रैल को नोएडा प्राधिकरण पर प्रस्तावित महापंचायत को फिलहाल स्थगित कर दिया है। यह निर्णय प्रशासनिक अधिकारियों के आग्रह पर लिया गया है, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रह सके।
भाकियू पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में बड़ी संख्या में किसानों और समर्थकों का जुटान उचित नहीं होगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि जैसे ही हालात सामान्य होंगे, महापंचायत की नई तारीख की घोषणा कर दी जाएगी।
इस संबंध में जारी सूचना में संगठन ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर संगठन पहले की तरह प्रतिबद्ध है और उचित समय पर जोरदार तरीके से अपनी आवाज उठाई जाएगी।
भाकियू के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना, NCR अध्यक्ष मटरू नागर, जिलाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर रोबिन नागर और युवा अध्यक्ष ललित चौहान ने संयुक्त रूप से यह निर्णय साझा किया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ना रहा है और आगे भी यही नीति जारी रहेगी।
संगठन ने अपने पारंपरिक नारों के साथ एकजुटता का संदेश भी दिया—
“जय जवान, जय किसान”, “जय टिकैत”, “बाबा टिकैत अमर रहें”, “चौधरी नरेश टिकैत जिंदाबाद”, “चौधरी राकेश टिकैत जिंदाबाद”।
भाकियू के इस फैसले को प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे वर्तमान में चल रहे औद्योगिक एवं श्रमिक तनाव के बीच स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
