शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस में बड़ी कार्रवाई: लापरवाही पर थाना प्रभारी व सिपाही निलंबित, कमिश्नर का सख्त संदेश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस में बड़ी कार्रवाई: लापरवाही पर थाना प्रभारी व सिपाही निलंबित, कमिश्नर का सख्त संदेश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम मीटिंग के दौरान सामने आई गंभीर लापरवाही के बाद थाना फेस-2 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार और एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) के सिपाही प्रतीक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को आयोजित क्राइम मीटिंग में जिले के सभी थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कुछ मामलों में अपेक्षित सतर्कता और समय पर कार्रवाई नहीं की गई, जिसे बेहद गंभीर मानते हुए कमिश्नर ने सख्त कदम उठाया।

अवैध प्रदर्शन बना कार्रवाई की वजह

थाना फेस-2 क्षेत्र में हाल ही में हजारों मजदूरों के एकत्र होकर अवैध रूप से प्रदर्शन करने का मामला सामने आया था। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश भी की गई। पोस्टरबाजी, फोटो और वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर माहौल प्रभावित करने की कोशिश हुई, लेकिन स्थानीय पुलिस समय रहते स्थिति को नियंत्रित करने में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखा सकी।

लापरवाही पर गिरी गाज

इसी लापरवाही को आधार बनाते हुए थाना प्रभारी अवधेश कुमार और एलआईयू के सिपाही प्रतीक को निलंबित किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अन्य अधिकारियों को कड़ी चेतावनी

क्राइम मीटिंग के दौरान कई थाना प्रभारियों को चेतावनी भी दी गई कि यदि कार्य में लापरवाही पाई गई तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन अब हर स्तर पर जवाबदेही तय करने के मूड में है।

कानून-व्यवस्था पर फोकस

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के इस कदम को जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। साफ संकेत है कि अब पुलिसिंग में लापरवाही करने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।।