गोण्डा- विजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर अनेक लोगो के लिए मुसीबत बन चुके हैं! उपभोक्ताओ का कहना है कि इनके लगने के बाद से अधिक बिल आ रहा है, जिस कारण उनका बजट प्रभावित हो गया है। मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों में आ रही कई प्रकार की तकनीकी त्रुटियों एवं मीटरों के माध्यम से आम जनता/ उपभोक्ताओं को अत्यधिक एवं त्रुटिपूर्ण विद्युत बिल प्राप्त होने की समस्या के बारे में जब क्षेत्रीय विधायक विनय कुमार द्विवेदी को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने 15 अप्रैल को मुख्य अभियंता देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा यदुनाथ यथार्थ से मिलकर इस बाबत वार्ता की। विधायक ने कहा कि त्रुटिपूर्ण बिल से आम जनता को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनता द्वारा की गई शिकायत में उनको बताया गया कि विभाग द्वारा लगाए हुए स्मार्ट मीटर वास्तविक खपत से अधिक यूनिट दर्शा रहे हैं और बिना उपयोग के भी मीटर रीडिंग बढ़ती जा रही है। इस बात से स्पस्ट हो रहा है कि बिलिंग प्रणाली में पारदर्शिता का अभाव है तथा पूर्व में लगे हुए सामान्य मीटर की तुलना में वर्तमान बिल असामान्य रूप से बहुत अधिक आ रहे हैं। विधायक ने मुख्य अभियंता से कहा कि इस गंभीर विषय को तत्काल प्रभाव से संज्ञान में लेकर सभी स्मार्ट मीटरों की तकनीकी जाँच कराई जाये, जिससे सभी प्रभावित उपभोक्ताओं के त्रुटिपूर्ण बिलों को संशोधित कर सही किया जा सके। यह भी कहा कि जब तक इस समस्या का स्थायी रुप से समाधान न हो तब तक इन स्मार्ट मीटरों को हटाकर पूर्व की व्यवस्था बहाल की जाए। उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण हेतु विशेष शिविर/हेल्पलाइन की व्यवस्था की जाए ताकि पीड़ित उपभोक्ता अपनी समस्या बता सकें और आ रही समस्याओं को दूर किया जा सके। साथ ही विधायक ने अन्य विजली समस्याओं से भी उनको अवगत कराकर उनके निराकरण हेतु वार्ता की। मुख्य अभियंता द्वारा इन सभी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु विधायक को आश्वस्त कराया गया।
