गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल का बड़ा मंच तैयार, इंग्लैंड टीम के कोच क्लाइव कार्स्टिलो देंगे ट्रेनिंग!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, 18 अप्रैल 2026:
दो टूक//नोएडा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान Ulhas Yuvipep Basketball Academy (UYBA) ने एक ऐतिहासिक पहल की घोषणा की। अकादमी द्वारा शहर में पहली बार यूरोपीय स्तर का प्रीमियम बास्केटबॉल कैंप आयोजित किया जा रहा है, जिसमें इंग्लैंड नेशनल टीम और EuroLeague/EuroCup से जुड़े अनुभवी कोच क्लाइव कार्स्टिलो युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे।
प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए आयोजकों ने बताया कि यह 4 दिवसीय एलिट ट्रेनिंग कैंप UYBA और SPORTS SOUL के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस कैंप का उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक तकनीकों और प्रशिक्षण पद्धतियों से जोड़ना है, ताकि वे वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकें।
बताया गया कि EuroLeague Head Coaches Board (EHCB) से प्रमाणित कोच क्लाइव कार्स्टिलो खिलाड़ियों को वही प्रशिक्षण देंगे, जो यूरोप और यूके के प्रोफेशनल और कॉलेज स्तर पर अपनाया जाता है। इस पहल से अब भारतीय खिलाड़ियों को विदेश जाकर ट्रेनिंग लेने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने ही देश में विश्वस्तरीय कोचिंग का लाभ मिलेगा।
कब और कहां होगा कैंप:
यह विशेष कैंप नोएडा इंडोर स्टेडियम में 19 अप्रैल से 22 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। कैंप दो सत्रों में चलेगा — पहला सत्र दोपहर 1:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक और दूसरा सत्र शाम 5:00 बजे से रात 8:00 बजे तक होगा।
इस कैंप में 10 से 20 वर्ष आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां हिस्सा ले सकते हैं।
क्या मिलेगा खिलाड़ियों को:
कैंप में प्रतिभागियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के साथ प्रतिस्पर्धात्मक मैच खेलने का अवसर मिलेगा। साथ ही फिटनेस, पोषण और प्रदर्शन विश्लेषण जैसे अहम पहलुओं पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जाएगा। खिलाड़ियों को आधिकारिक UYBA जर्सी और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने कहा कि यह कैंप उन खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर है, जो यूरोपीय तकनीकों को सीखकर अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहते हैं। यह पहल भारतीय बास्केटबॉल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।।
