गौतमबुद्धनगर: चलती टैक्सी में लगी भीषण आग, सेकंडों में धधकी कार—चालक की सतर्कता से बची जान!!
!! वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा के सेक्टर-98 के पास बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती टैक्सी अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते कार धधकती आग का गोला बन गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, टैक्सी चालक अपनी हुंडई एक्सेंट कार लेकर गुजर रहा था। इसी दौरान उसे गाड़ी से अचानक जलने की तेज बदबू महसूस हुई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने बिना समय गंवाए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और बाहर निकल गया। चालक के गाड़ी से उतरते ही कुछ ही सेकंड में कार में आग भड़क उठी और आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार चंद पलों में उसकी चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ और सतर्कता के चलते उसकी जान बच गई, अन्यथा यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था। प्रारंभिक आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल थाना सेक्टर-39 पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
