गौतमबुद्धनगर: औद्योगिक शांति को लेकर प्रशासन सख्त: जिलाधिकारी ने कंपनी पहुंचकर श्रमिकों से किया सीधा संवाद, वेतन वृद्धि पर जताया आभार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 15 अप्रैल 2026
दो टूक//जनपद गौतमबुद्धनगर में औद्योगिक शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। श्रमिकों और प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से प्रशासन लगातार जमीनी स्तर पर पहल कर रहा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने बुधवार को नोएडा के सेक्टर-84 स्थित रिचाको एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीधे श्रमिकों से संवाद स्थापित कर उनकी कार्य परिस्थितियों, सुविधाओं और समस्याओं की विस्तार से जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने श्रमिकों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उनके हित में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों से अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से हाल ही में की गई वेतन वृद्धि, बोनस, कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और उन्हें सुरक्षित व संतोषजनक कार्य वातावरण प्रदान करना है।
इस दौरान कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शासन की सभी गाइडलाइंस का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए और श्रमिकों की सुविधाओं व सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला श्रमिकों से भी अलग से बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए भरोसा दिलाया कि महिला सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
श्रमिकों ने भी सरकार के फैसलों पर संतोष जताते हुए हाल ही में हुई वेतन वृद्धि और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन की इस सक्रियता से औद्योगिक क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे आने वाले समय में श्रमिकों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
