शनिवार, 11 अप्रैल 2026

दर्पण डैशबोर्ड में गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट का जलवा, प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल !!

शेयर करें:

दर्पण डैशबोर्ड में गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट का जलवा, प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट कार्य का प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री दर्पण डैशबोर्ड समीक्षा में प्रदेशभर में शीर्ष स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। मार्च 2026 की समीक्षा में कमिश्नरेट ने उत्तर प्रदेश के सभी कमिश्नरेट्स में प्रथम स्थान तथा समस्त जनपदों में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।

यह सफलता पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में की गई प्रभावी मॉनिटरिंग, त्वरित कार्रवाई और जनसेवा आधारित कार्यशैली का परिणाम मानी जा रही है।

 कई मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर को यह उपलब्धि विभिन्न महत्वपूर्ण मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के चलते मिली है। इनमें प्रमुख रूप से:

  • 112 पीआरवी का रिस्पांस टाइम
  • आईजीआरएस/जनसुनवाई में शिकायतों का निस्तारण
  • महिला अपराधों (हत्या, दुष्कर्म, शीलभंग, दहेज मृत्यु, अपहरण) में कार्रवाई
  • पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी मामलों में प्रभावी कार्रवाई
  • लंबित विवेचनाओं का निस्तारण
  • वांछित व इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान
  • गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, एनडीपीएस, आबकारी व गोवध निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
  • चरित्र प्रमाण पत्र, किरायेदार/कर्मचारी सत्यापन
  • सीसीटीएनएस शिकायतों का समाधान
  • जुलूस, प्रदर्शन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य अनुमति संबंधी सेवाएं

इन सभी क्षेत्रों में अभियान चलाकर तेज और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की गई, जिसके परिणामस्वरूप कमिश्नरेट को ‘A’ श्रेणी की रैंकिंग प्राप्त हुई।

 जनसुरक्षा और विश्वास पर जोर

मुख्यमंत्री दर्पण डैशबोर्ड में पुलिस विभाग की विभिन्न इकाइयों के कार्यों की समीक्षा के बाद यह रैंकिंग जारी की जाती है, जिसमें जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण और सेवा वितरण की गुणवत्ता को प्रमुख आधार माना जाता है।

पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा आम जनता की सुरक्षा, त्वरित सहायता और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 आगे भी जारी रहेगा बेहतर कार्य

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने इस उपलब्धि को भविष्य में और बेहतर करने का संकल्प लिया है। पुलिस विभाग का कहना है कि आमजन को सुरक्षित वातावरण देने और भरोसा मजबूत करने के लिए इसी तरह अभियान और तेज किए जाएंगे।।