गौतमबुद्धनगर: ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7, सेक्टर-82 में आवारा कुत्तों का आतंक: कई लोग हुए शिकार, कार्रवाई न होने से भड़के निवासी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, 12 अप्रैल 2026:
दो टूक//नोएडा के सेक्टर-82 स्थित ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में आवारा और आक्रामक कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि आए दिन किसी न किसी व्यक्ति के कुत्तों के हमले का शिकार बनने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में कई कुत्ते बेहद आक्रामक हो चुके हैं और बिना किसी उकसावे के लोगों पर हमला कर रहे हैं। ताजा घटना आज सुबह की है, जब 39 ब्लॉक निवासी दीपक अपने घर से बाहर निकल रहे थे, तभी एक कुत्ते ने उन पर हमला कर उन्हें काट लिया। बताया जा रहा है कि यह वही कुत्ता है जो पहले भी कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दस दिन पहले 11/4 ब्लॉक में रहने वाले एक बच्चे को भी कुत्ते ने काट लिया था। इसके अलावा भी कई छोटी-बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन बावजूद इसके अब तक संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
राघवेंद्र दुबे का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, जमीनी स्तर पर कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन आक्रामक कुत्तों को पकड़कर डॉग शेल्टर में नहीं भेजा गया, तो किसी दिन बड़ी अनहोनी हो सकती है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और खतरनाक कुत्तों को तुरंत पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि लोग बिना डर के अपने घरों से बाहर निकल सकें।।
