गौतमबुद्धनगर: 63 कंपनियों के संगम से रोजगार की नई राह: 363 युवाओं को मिली नौकरी, दो दिवसीय रोजगार मेला रहा बेहद सफल!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतम बुद्ध नगर, 23 अप्रैल 2026
दो टूक//जनपद गौतम बुद्ध नगर में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का द्वार खोलते हुए जिला सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय विशाल रोजगार मेला सफलता के साथ संपन्न हो गया। 21 एवं 22 अप्रैल को ग्रेटर नोएडा स्थित हरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी परिसर में आयोजित इस मेले में रोजगार की तलाश कर रहे युवक-युवतियों का उत्साह देखते ही बनता था।
जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर और संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में देश की 63 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से लगभग 2200 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 363 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन होना इस मेले की बड़ी उपलब्धि रही।
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप मंच प्रदान करना था, जिसमें बड़ी संख्या में स्नातक एवं स्नातकोत्तर अभ्यर्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेले के दौरान अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार देकर रोजगार पाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
इस आयोजन को लेकर अभ्यर्थियों और कंपनियों दोनों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। युवाओं ने इसे रोजगार पाने का सुनहरा अवसर बताया, वहीं कंपनियों ने भी योग्य और प्रतिभाशाली उम्मीदवारों की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया।
जिला सेवायोजन विभाग की यह पहल न केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध हुई, बल्कि जनपद में रोजगार सृजन के प्रयासों को भी नई गति प्रदान करने वाली साबित हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय स्तर पर बेरोजगारी की समस्या को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।।
