गौतमबुद्धनगर: सूट-बूट में आया ‘हाई-प्रोफाइल’ चोर, सगाई समारोह से ₹5 लाख का बैग लेकर फरार — CCTV में कैद, पुलिस जांच तेज!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा,
नोएडा के सेक्टर-51 स्थित डायमंड क्राउन बैंक्वेट हॉल में आयोजित एक सगाई समारोह के दौरान एक शातिर चोर ने फिल्मी अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। सूट-बूट पहनकर मेहमानों के बीच घुले-मिले आरोपी ने किसी को शक तक नहीं होने दिया और मौका मिलते ही लाखों रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि यह बैग लड़की पक्ष का था, जिसमें करीब ₹5 लाख नकद रकम रखी हुई थी। समारोह के दौरान जब परिजनों का ध्यान अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त था, उसी दौरान आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया और आराम से वहां से निकल गया।
घटना की खास बात यह है कि बैंक्वेट हॉल सेक्टर-51 पुलिस चौकी से महज कुछ ही कदमों की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद आरोपी इतनी आसानी से फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर सूट-बूट पहने नजर आ रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है और आसपास के इलाकों में भी तलाश जारी है।
इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और शादी समारोहों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजनों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, आयोजकों और बैंक्वेट हॉल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था भी जांच के दायरे में है।।
