गुरुवार, 23 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला: 4800 श्रमिकों को मिलेगी ₹5 लाख तक की मेडिकल सुविधा, SBI जनरल इंश्योरेंस से करार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला: 4800 श्रमिकों को मिलेगी ₹5 लाख तक की मेडिकल सुविधा, SBI जनरल इंश्योरेंस से करार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। श्रमिकों के हित में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम उठाते हुए नोएडा प्राधिकरण ने अपने यहां कार्यरत लगभग 4800 श्रमिक आपूर्तिकर्ता कर्मचारियों को व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा SBI General Insurance के माध्यम से मेडिकल इंश्योरेंस योजना को मंजूरी दे दी गई है, जिससे हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

यह निर्णय नोएडा प्राधिकरण की 215वीं बोर्ड बैठक (दिनांक 26 अक्टूबर 2024) में लिया गया था, जिसे अब लागू करते हुए कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ दिया गया है। योजना के तहत प्रत्येक कर्मचारी के साथ उसके आश्रित 5 सदस्यों को भी कवर किया जाएगा और प्रति वर्ष अधिकतम ₹5 लाख तक की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

प्राधिकरण द्वारा इस योजना के लिए प्रति कर्मचारी ₹10,000 वार्षिक प्रीमियम का भुगतान किया जाएगा, जो श्रमिक आपूर्तिकर्ता एजेंसी के माध्यम से State Bank of India जनरल इंश्योरेंस को दिया जाएगा।

दरअसल, ईएसआई विभाग द्वारा निर्धारित ₹21,000 वेतन सीमा के चलते बड़ी संख्या में कर्मचारी ईएसआई चिकित्सा सुविधा से बाहर हो गए थे। इसके बाद से कर्मचारी लगातार मेडिकल सुविधा की मांग कर रहे थे। प्राधिकरण ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए यह ऐतिहासिक पहल की है।

इस नई स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कर्मचारियों को बीमा लागू होने के पहले दिन से ही इलाज की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। इसमें गंभीर बीमारियों का इलाज भी शामिल है और नोएडा व दिल्ली के अधिकांश प्रमुख अस्पताल इस योजना से जुड़े रहेंगे।

गुरुवार, 23 अप्रैल 2026 को SBI General Insurance और नोएडा प्राधिकरण/श्रम आपूर्तिकर्ताओं के बीच औपचारिक रूप से एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस पहल को श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि उनकी कार्यक्षमता में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।