गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में मनी अल्फा 360° समिट 2026 का भव्य आगाज़, भारत के वित्तीय भविष्य की नई दिशा तय!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा | 24 अप्रैल 2026, भारत के वित्तीय और तकनीकी परिदृश्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित मनी अल्फा 360° समिट 2026 का आज ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में भव्य शुभारंभ हुआ। यह समिट वित्त, फिनटेक, निवेश, नीति निर्माण और उभरती तकनीकों से जुड़े देश-विदेश के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर “भविष्य के धन” की अवधारणा को आकार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ रहे। उनके साथ मंच पर कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सीईओ राकेश कुमार सिंह, नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी वंदना त्रिपाठी, आईसीएआई के पूर्व अध्यक्ष सीए चरणजोत सिंह नंदा, इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार तथा निदेशक एवं स्ट्रैटेजिक एडवाइजर मुकेश गुप्ता शामिल रहे।
डिजिटल इंडिया और UPI से बदली तस्वीर
मुख्य अतिथि नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की पारंपरिक वित्तीय प्रणाली तेजी से डिजिटल और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप विकसित हो रही है। उन्होंने डिजिटल इंडिया और UPI जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों ने भारत को रियल-टाइम डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल कर दिया है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को नवाचार, सहयोग और निवेश को बढ़ावा देने वाला बताया।
वित्तीय शिक्षा और नई तकनीकों पर जोर
आईसीएआई के पूर्व अध्यक्ष सीए चरणजोत सिंह नंदा ने वित्तीय साक्षरता को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि शुरुआती स्तर से ही छात्रों को वित्त और वाणिज्य की समझ दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि NCERT द्वारा कक्षा 6 से वित्तीय शिक्षा शामिल करने का प्रस्ताव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही उन्होंने AI और ब्लॉकचेन जैसी तकनीकों में दक्षता को आज के पेशेवरों के लिए अनिवार्य बताया।
फिनटेक सिटी बनेगा गेम चेंजर
YEIDA के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने क्षेत्रीय विकास की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सेक्टर-11 में प्रस्तावित 500 एकड़ का फिनटेक सिटी प्रोजेक्ट, जो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास विकसित होगा, इस क्षेत्र को वैश्विक वित्तीय केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना निवेश आकर्षित करने और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी।
नोएडा बना वित्तीय गतिविधियों का केंद्र
नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने कहा कि नोएडा तेजी से वित्तीय और तकनीकी गतिविधियों का हब बनता जा रहा है। ऐसे मंच उद्योग, नीति और तकनीक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद करते हैं, जिससे समग्र विकास को गति मिलती है।
विचार, पूंजी और नवाचार का संगम
IEML के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने समिट को “विचारों, पूंजी और ज्ञान का संगम” बताते हुए कहा कि यह मंच नीति निर्माताओं, निवेशकों और नवाचारकर्ताओं को एक साथ जोड़कर ठोस परिणाम सुनिश्चित करता है।
पहले दिन 8+ हाई-लेवल सेशन
समिट के पहले दिन 8 से अधिक उच्च-स्तरीय कॉन्फ्रेंस और नॉलेज सेशन आयोजित किए गए। इनमें AI आधारित बैंकिंग, ग्लोबल फंड इंटीग्रेशन, फिनटेक इंफ्रास्ट्रक्चर, MSME विकास, वित्तीय पारदर्शिता और वेल्थ क्रिएशन जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने बदलते रुझानों और निवेश के नए अवसरों पर विस्तार से विचार साझा किए।
पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों, प्रदर्शकों और निवेशकों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए भविष्य के संभावित व्यावसायिक संबंधों की नींव रखी।
दिसंबर में होगा और बड़ा संस्करण
आयोजकों के अनुसार, मनी अल्फा 360° समिट 2026 का यह संस्करण केवल एक झलक है। इसका विस्तृत और भव्य संस्करण 17 से 19 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा, जिसे लेकर उद्योग जगत में अभी से उत्साह है।
जैसे-जैसे समिट आगे बढ़ेगा, पूंजी बाजार, MSME फंडिंग, ट्रेडिंग सिस्टम और निवेश रणनीतियों जैसे विषयों पर और गहन चर्चा होने की संभावना है। मजबूत भागीदारी और भविष्य-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ यह समिट भारत के वित्तीय आयोजनों में एक प्रमुख मंच के रूप में अपनी पहचान स्थापित करता नजर आ रहा है।।
