रविवार, 26 अप्रैल 2026

लखनऊ : पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’प्रदेश योजना की बैठक सम्पन्न।Lucknow: The meeting of the state plan for 'Pandit Deendayal Upadhyay Training Campaign 2026' concluded.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’प्रदेश योजना की बैठक सम्पन्न।
दो टूक : भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ की प्रदेश योजना बैठक  शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सम्पन्न  हुई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी , प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह एवं प्रशिक्षण महाभियान के जोनल सहसंयोजक राजू भंडारी ने उपस्थित पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी, क्षेत्रीय प्रशिक्षण टोली, जिला संयोजक, सह संयोजक प्रशिक्षण महाभियान, जिला प्रदर्शनी प्रमुख एवं जिला आईटी एवं सोशल मीडिया का कार्य देखने वाले कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं प्रशिक्षण महाभियान के प्रदेश संयोजक एमएलसी अनूप गुप्ता ने किया।
बैठक में उत्तर प्रदेश में अब तक सम्पन्न हो चुके मंडल प्रशिक्षण वर्गों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा आगामी दिनों में आयोजित होने वाले जिला प्रशिक्षण वर्गों के संदर्भ में व्यापक योजना पर विचार-विमर्श किया गया। संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं कार्यकुशल विकास तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी  ने अपने संबोधन में कहा कि ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ही वह धुरी है, जो कार्यकर्ता को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करती है। एक सशक्त, जागरूक और वैचारिक रूप से समृद्ध कार्यकर्ता ही संगठन को ऊंचाइयों तक ले जाता है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद के सिद्धांत आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इन्हीं आदर्शों से प्रेरित होकर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करता है। प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को न केवल संगठनात्मक कार्यशैली का ज्ञान मिलता है, बल्कि उनमें राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और सेवा भाव भी विकसित होता है।
श्री चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्गों का सफल आयोजन संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रमाण है। अब आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों को भी उसी ऊर्जा और गुणवत्ता के साथ सम्पन्न करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रशिक्षण वर्ग को सुव्यवस्थित, समयबद्ध और परिणामोन्मुखी बनाया जाए, जिससे कार्यकर्ताओं को अधिकतम लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में जो परिवर्तनकारी कार्य हो रहे हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाने में प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए प्रशिक्षण को केवल औपचारिकता न मानते हुए इसे एक सतत प्रक्रिया के रूप में अपनाना होगा।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण महाभियान से प्रत्येक कार्यकर्ता को जोड़ने का प्रयास करें, जिससे संगठन की जड़ों को और अधिक मजबूती मिले।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पहचान एक कैडर आधारित, अनुशासित और वैचारिक संगठन के रूप में है। इस पहचान को मजबूत बनाए रखने में प्रशिक्षण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जिम्मेदारियों के प्रति सजग और सक्षम बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि यह कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त मंच है। मंडल स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण वर्गों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि कार्यकर्ता सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने के लिए तत्पर हैं।
श्री धर्मपाल सिंह ने निर्देश देते हुए कहा कि आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों की योजना अत्यंत सूक्ष्मता और गंभीरता के साथ बनाई जाए। प्रत्येक सत्र का उद्देश्य स्पष्ट हो और उसमें सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसकी एकजुटता और प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं में निहित होती है, इसलिए सभी दायित्वधारी समन्वय और अनुशासन के साथ कार्य करें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण को आत्मसात करते हुए संगठन के विस्तार और समाज सेवा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस महाभियान के माध्यम से भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और प्रभावी ढंग से निभाएगा।