शनिवार, 25 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: 15 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में हो रही होमगार्ड भर्ती परीक्षा, डीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 15 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में हो रही होमगार्ड भर्ती परीक्षा, डीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 25 अप्रैल 2026।
दो टूक//उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 परीक्षा जनपद गौतमबुद्धनगर में पूरी सतर्कता और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही है। यह परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को जिले के कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हो रही है, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने शनिवार को नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज, साकीपुर (ग्रेटर नोएडा) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने केंद्र पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए तथा कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर बनाए रखी जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

जिला प्रशासन के अनुसार, सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित हो रही है और अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, केंद्र व्यवस्थापक, विद्यालय प्रशासन एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।