शनिवार, 25 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: श्रमिक दिवस पर गौतमबुद्धनगर में लगेगा विशाल मेगा कैंप, हर श्रमिक तक पहुंचेगी योजनाओं की सीधी पहुंच: जिलाधिकारी

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: श्रमिक दिवस पर गौतमबुद्धनगर में लगेगा विशाल मेगा कैंप, हर श्रमिक तक पहुंचेगी योजनाओं की सीधी पहुंच: जिलाधिकारी

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 25 अप्रैल 2026

दो टूक//श्रमिक दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर में श्रमिकों के लिए विशेष मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में इस मेगा कैंप के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।

बैठक में सेक्टर, जोनल एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जाएं और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र श्रमिक तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे।

उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आयोजन पूरी तरह सफल हो सके।

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी गंभीरता से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के विभिन्न श्रमिक बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिससे श्रमिकों को उनके निवास या कार्यस्थल के पास ही चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि मेडिकल कैंपों में चिकित्सकों की उपलब्धता, आवश्यक दवाएं, जांच सुविधाएं और अन्य संसाधन पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण का समय इस प्रकार निर्धारित किया जाए कि उन्हें अपने कार्य से अनावश्यक अवकाश न लेना पड़े।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि श्रमिकों को इन शिविरों के प्रति जागरूक किया जाए और अधिक से अधिक श्रमिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सके।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह मेगा कैंप केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि श्रमिकों के हितों को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।।