शनिवार, 4 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में कूड़ा घोटाला! लापरवाही की बदबू पर चला बुलडोज़र, कंपनी पर 10 लाख से ज्यादा का जुर्माना!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में कूड़ा घोटाला! लापरवाही की बदबू पर चला बुलडोज़र, कंपनी पर 10 लाख से ज्यादा का जुर्माना!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है, जहां डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की जिम्मेदारी संभाल रही कंपनी AG Enviro Infra Projects की भारी लापरवाही उजागर हुई है। लगातार मिल रही शिकायतों और तकनीकी निगरानी के बाद प्राधिकरण ने कंपनी पर सख्त कार्रवाई करते हुए 10.38 लाख रुपये का भारी जुर्माना ठोक दिया है।

दरअसल, शहर के लाखों घरों से समय पर कूड़ा न उठने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। जांच में सामने आया कि कंपनी की 157 गाड़ियां तय रूट पर ड्यूटी के लिए पहुंचीं ही नहीं, जिससे सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई। कई सेक्टरों में कूड़ा दिनों तक जमा रहा, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।

प्राधिकरण द्वारा ICCC (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) के रिकॉर्ड के आधार पर की गई जांच में कंपनी की लापरवाही की पुष्टि हुई। इसके बाद अनुबंध की शर्तों के तहत आर्टिकल-10 लागू करते हुए कार्रवाई की गई।

 इस तरह लगा जुर्माना:

  • वाहनों के संचालन में लापरवाही पर: ₹3.92 लाख
  • घर-घर कूड़ा संग्रह न करने पर: ₹6.45 लाख
  • कुल जुर्माना: ₹10.38 लाख

प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कंपनी तत्काल अपनी व्यवस्था में सुधार करे। चेतावनी दी गई है कि अगर भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई गई तो और सख्त कार्रवाई, यहां तक कि अनुबंध समाप्त करने तक का कदम उठाया जा सकता है।

 जनता में नाराजगी, सफाई व्यवस्था पर सवाल

इस पूरे मामले ने शहर की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। निवासियों का कहना है कि नियमित कूड़ा उठान न होने से न केवल बदबू और गंदगी बढ़ रही है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी पैदा हो रहे हैं।

 अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद कंपनी व्यवस्था सुधारती है या नहीं, क्योंकि नोएडा जैसे स्मार्ट सिटी में इस तरह की लापरवाही कहीं न कहीं सिस्टम पर भी सवाल खड़े करती है।।