रविवार, 15 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: MNC में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, बेरोजगार युवाओं से वसूलता था प्रोसेसिंग फीस!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: MNC में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, बेरोजगार युवाओं से वसूलता था प्रोसेसिंग फीस!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूकनोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। थाना साइबर क्राइम और थाना फेस-1 पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़ा गया। आरोपी युवाओं को कॉल कर जॉब दिलाने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के बहाने पैसे म्यूल बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेता था।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 13 मार्च 2026 को साइबर क्राइम थाना और फेस-1 पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सचिन कुमार मंडल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से जिला मधुबनी (बिहार) का रहने वाला है और वर्तमान में महारानीबाग, नई दिल्ली में रह रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं को कॉल कर उनसे पैसे ठग रहे हैं। इसके बाद संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पुलिस पहुंची और उसे दबोच लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी फैशन एंड रिटेल फर्म की आड़ में लोगों को फोन करता था और उन्हें “स्टेप हेड कंपनी” के नाम से मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। इसके बाद वह प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य चार्ज के नाम पर युवाओं से पैसे मंगवाता था। ठगी की रकम म्यूल बैंक खातों में ट्रांसफर कराकर निकाल ली जाती थी।

इस संबंध में थाना साइबर क्राइम नोएडा में अपराध संख्या 29/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक एचपी पीसी (सीपीयू सहित) बरामद किया है, जिनकी मदद से वह साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और उसके साथ इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस ने लोगों से की अपील

पुलिस ने साइबर ठगी से बचने के लिए आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति नौकरी दिलाने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन फीस या सैंक्शन फीस मांगता है तो तुरंत सावधान हो जाएं, क्योंकि इस तरह की मांग अक्सर ठगी का संकेत होती है।

इसके अलावा व्हाट्सएप या कॉल पर भेजे गए फर्जी अपॉइंटमेंट या सैंक्शन लेटर पर भरोसा न करें और किसी भी नौकरी के ऑफर को स्वीकार करने से पहले संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत माध्यम से उसकी पुष्टि जरूर कर लें।।