रविवार, 15 मार्च 2026

गौतमबुद्ध नगर में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा कड़ी निगरानी में संपन्न, जिलाधिकारी ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण!!

शेयर करें:


गौतमबुद्ध नगर में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा कड़ी निगरानी में संपन्न, जिलाधिकारी ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण!!

!! वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

18 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हो रही परीक्षा, पहले दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न; व्यवस्थाओं पर प्रशासन की पैनी नजर

दो टूक// नोएडा गौतम बुद्ध नगर। जनपद में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध दिखाई दिया। 14 और 15 मार्च को आयोजित की जा रही इस महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा के लिए जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में परीक्षा कराई जा रही है।

परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ने ग्रेटर नोएडा स्थित श्री अमीचंद इंटर कॉलेज, कासना परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या अनियमितता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। पहली पाली में कुल 5520 अभ्यर्थियों में से 3691 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1829 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 5520 में से 3870 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1650 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि 15 मार्च को भी जनपद के सभी 18 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।