दिल्ली: कालकाजी में फूटा महिलाओं का गुस्सा: LPG संकट और महंगी गैस के खिलाफ सड़कों पर उतरीं महिलाएं!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: दिल्ली/ नोएडा कालकाजी में आज घरेलू गैस संकट को लेकर महिलाओं का गुस्सा खुलकर सामने आया। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर ज्योत्सना गोगिया के नेतृत्व में सैकड़ों स्थानीय महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बढ़ती LPG कीमतों, सिलेंडर की अनियमित सप्लाई और बुकिंग के बाद लंबे इंतजार जैसी समस्याओं को लेकर कड़ा रोष जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गैस की बढ़ती कीमतों ने रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है, वहीं समय पर सिलेंडर न मिलने से घर चलाना मुश्किल हो गया है।
महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से मांग की कि आम जनता को राहत देने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं। उनका कहना था कि LPG अब आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही है, जिसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि कई बार बुकिंग के बाद भी सिलेंडर समय पर नहीं पहुंचता, जिससे उन्हें लकड़ी या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ता है। इससे न केवल असुविधा बढ़ती है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है।
महिला कांग्रेस की टीम ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
महिलाओं की एकजुट मांग:
“सस्ती दरों पर और समय पर LPG गैस उपलब्ध कराओ, नहीं तो आंदोलन जारी रहेगा!”
