गौतमबुद्धनगर: सीएम युवा उद्यमी योजना में सुस्ती पर CDO सख्त, बैंकों को दिए लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश!!
युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ऋण वितरण में तेजी लाने पर जोर, शाखावार प्रगति रिपोर्ट तलब
गौतमबुद्धनगर, 06 मार्च 2026।
दो टूक// जनपद में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने की, जिसमें जनपद के विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने योजना के तहत अब तक हुई प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया निरंतर जारी है, लेकिन कुछ बैंकों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी है।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी बैंकों को निर्देश दिए कि वे अपने निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करें और अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना का लाभ उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि युवा स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीडीओ ने सभी बैंकों से शाखावार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा और स्पष्ट किया कि जल्द ही बैंक शाखाओं की अलग-अलग समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपना व्यवसाय स्थापित कर सकें और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हों।
बैठक के अंत में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजना की नियमित समीक्षा की जाए और लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला लीड बैंक प्रबंधक राजेश कटारिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।
