गौतमबुद्धनगर: फिल्म सिटी की पार्किंग में सुरक्षा पर सवाल: नई हुंडई क्रेटा कार पर फेंका प्लास्टिक पेंट, CCTV भी मिला बंद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा।
नोएडा प्राधिकरण की पार्किंग व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सेक्टर-16ए स्थित फिल्म सिटी की भूमिगत (मल्टीलेवल) पार्किंग में खड़ी एक नई लग्जरी कार को अज्ञात लोगों ने निशाना बनाते हुए उस पर अलग-अलग रंगों का प्लास्टिक पेंट डाल दिया। इस घटना से कार मालिक को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने अपनी बिल्कुल नई काले रंग की हुंडई क्रेटा कार नोएडा प्राधिकरण की फिल्म सिटी सेक्टर-16ए स्थित भूमिगत पार्किंग में खड़ी की थी। आरोप है कि 7 मार्च की देर रात कुछ अज्ञात लोग पार्किंग में पहुंचे, जिनमें से दो ने हेलमेट और एक ने चेहरे पर स्कार्फ बांधा हुआ था। इन लोगों ने कार को निशाना बनाते हुए पूरी गाड़ी पर अलग-अलग रंगों का प्लास्टिक पेंट डाल दिया और मौके से फरार हो गए।
जब कार मालिक निर्दोष भाटी अपनी गाड़ी लेने पार्किंग में पहुंचे तो कार की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। पूरी कार पर प्लास्टिक पेंट डाला गया था, जिससे गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा है।
पीड़ित का आरोप है कि पार्किंग में वाहन खड़ा करने के लिए शुल्क वसूला जाता है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि जिस पार्किंग में यह घटना हुई वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे थे, जिससे घटना का कोई स्पष्ट फुटेज उपलब्ध नहीं हो सका।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना सेक्टर-20 पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के सामने आने के बाद नोएडा प्राधिकरण की पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पार्किंग में नियमित रूप से शुल्क लिया जाता है तो वहां सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
फिलहाल सेक्टर-20 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने का दावा कर रही है। वहीं इस घटना के बाद फिल्म सिटी क्षेत्र में वाहन पार्क करने वाले लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।।
