शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में जिलाधिकारी सख्त, C और D श्रेणी वाले विभागों को सुधार के निर्देश,विकास योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाने पर जोर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में जिलाधिकारी सख्त, C और D श्रेणी वाले विभागों को सुधार के निर्देश,
विकास योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाने पर जोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 13 मार्च 2026।
दो टूक// जनपद में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करें और योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय कार्यों में और अधिक गतिशीलता लाते हुए नियमित रूप से सीएम डैशबोर्ड पर प्रविष्टियां अपडेट की जाएं, ताकि योजनाओं की वास्तविक प्रगति का सही आकलन किया जा सके।

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अतिरिक्त ऊर्जा, ग्रामीण विकास, ग्रामीण जलापूर्ति, पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, समाज कल्याण तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित विकास योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर सी और डी श्रेणी में आने वाले विभागों को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वे तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं और जल्द से जल्द अपनी प्रगति में सुधार करें। साथ ही उन्होंने बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने जनपद में चल रही अपूर्ण परियोजनाओं की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि विभागाध्यक्ष सीएम डैशबोर्ड पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर चारुल यादव, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।