शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में एमएसएमई मंत्री राकेश सचान की सख्त चेतावनी: बैंक लंबित आवेदन तुरंत निपटाएं, बिना कारण खारिज किए तो होगी कार्रवाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में एमएसएमई मंत्री राकेश सचान की सख्त चेतावनी: बैंक लंबित आवेदन तुरंत निपटाएं, बिना कारण खारिज किए तो होगी कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 13 मार्च 2026।
दो टूक// प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना को तेज़ी देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), खाद्य एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा तथा वस्त्र उद्योग विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक कर योजना की प्रगति का जायजा लिया।

बैठक के दौरान मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि मार्च 2026 के शेष दिनों में सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र युवाओं को समय पर ऋण मिल सके और वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी बैंक शाखा द्वारा बिना ठोस कारण के आवेदन निरस्त किए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लक्ष्य से पीछे रहने पर जताई नाराजगी

समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कुछ बैंक शाखाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण में शून्य प्रगति दर्ज की गई है। इस पर मंत्री राकेश सचान ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण और जनहितकारी योजना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लक्ष्य के अनुरूप काम न करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

युवाओं तक योजना पहुंचाने के लिए विशेष अभियान के निर्देश

मंत्री ने उद्योग विभाग और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान चलाएं। इसके तहत जनपदों में शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक युवा योजना की जानकारी प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र युवा इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।

1.25 लाख युवाओं को मिल चुका है 5150 करोड़ रुपये का ऋण

पत्रकारों से बातचीत में मंत्री राकेश सचान ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है। इस योजना के तहत हर वर्ष लगभग एक लाख युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.5 लाख युवाओं को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें अब तक 1.25 लाख से अधिक युवाओं को 5150 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है। यह योजना की सफलता और युवाओं के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

समीक्षा बैठक में एमएसएमई विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, सीएम युवा मिशन के राज्य नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला, अपर आयुक्त उद्योग मेरठ मंडल उमेश सिंह, उपायुक्त उद्योग गौतमबुद्धनगर पंकज निर्वाण, विभिन्न बैंकिंग संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।।