गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में बंद मकानों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरफ्तार, 10.5 लाख की ज्वैलरी, लैपटॉप और अवैध तमंचा बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
ग्रेटर नोएडा, 13 मार्च 2026।
दो टूक// कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े दस लाख रुपये की ज्वैलरी, एक लैपटॉप, दो कलाई घड़ी, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना बीटा-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए नट मढैय्या गोल चक्कर क्षेत्र से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अवधेश पुत्र लायक सिंह निवासी ग्राम शेखगड़ी, थाना सिकंदराराव, जिला हाथरस (हाल निवासी सेक्टर-2 पतवारी, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर) और बलराज पुत्र रामपाल निवासी सुभाष नगर, थाना सिविल लाइन, जिला कैथल, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के चोर हैं, जो पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही घरों में घुसकर कीमती सामान और ज्वैलरी चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद आरोपी माल को बेचकर अवैध धन अर्जित करते थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 28 फरवरी 2026 की रात सेक्टर-36 क्षेत्र में एक बंद मकान की खिड़की काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद तीनों आरोपी वैगनआर कार (UP86T5729) से फरार हो गए थे। चोरी की रकम आपस में बांटने के बाद उन्होंने चोरी का सामान साइट-4 क्षेत्र में छिपा दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी की ज्वैलरी बरामद की है, जिसमें गले का हार, अंगूठियां, कान के टप्स, कुंडल, चैन, बच्चों के कड़े, बिछिया, पायल समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, चार्जर, दो कलाई घड़ी, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और .315 बोर का अवैध तमंचा मय एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
इस संबंध में थाना बीटा-2 में मु0अ0सं0 79/2026 धारा 305(a)/331(4)/317(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 85/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और इनके द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच कर रही है।।
