शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर में सरकारी आश्वासनों की समीक्षा: विधान सभा समिति की बैठक में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं पर मंथन!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर में सरकारी आश्वासनों की समीक्षा: विधान सभा समिति की बैठक में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं पर मंथन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 13 मार्च 2026।
दो टूक// उत्तर प्रदेश विधान सभा की सरकारी आश्वासन समिति के सभापति राजपाल सिंह बालियान की अध्यक्षता में शुक्रवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 11 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में समिति के सदस्य विधायक राम खिलाड़ी सिंह, मोहम्मद फहीम इरफान और केतकी सिंह सहित जनपद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान गृह विभाग, कारागार विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, वन एवं पर्यावरण विभाग, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग तथा नगर विकास विभाग की प्रगति की समीक्षा की गई।

कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में गृह विभाग की समीक्षा के दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए अभ्यस्त अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हिस्ट्रीशीट खोलने जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पिकेट और सघन चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सेफ सिटी परियोजना के तहत प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कमांड सेंटर से की जा रही है। अपराध के पैटर्न के आधार पर पीसीआर (पीआरवी) की तैनाती को भी अधिक प्रभावी बनाया गया है ताकि पुलिस की प्रतिक्रिया समय कम किया जा सके।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक बूथ और एंटी रोमियो स्क्वाड लगातार स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास गश्त कर रहे हैं। मिशन शक्ति अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

साइबर अपराधों पर भी नजर

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए प्रत्येक थाने में साइबर हेल्प डेस्क सक्रिय की गई है। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में “गोल्डन आवर” के भीतर कार्रवाई कर पीड़ितों की धनराशि फ्रीज कराने और रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा 24 घंटे भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्टों पर नजर रखी जा रही है।

खाद्यान्न वितरण और अवैध खनन पर जानकारी

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद के जेवर, दादरी, बिसरख और दनकौर क्षेत्र की 361 उचित दर की दुकानों पर भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के डिपो से सीधे खाद्यान्न की आपूर्ति की जा रही है। ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीनों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से राशन वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

वहीं जिला खान अधिकारी ने बताया कि अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए सैटेलाइट इमेजरी के माध्यम से निगरानी की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में फरवरी 2026 तक अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ 241 मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब 92.79 लाख रुपये की राजस्व वसूली की प्रक्रिया शुरू की गई है।

स्वास्थ्य और शिक्षा योजनाओं की समीक्षा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिला संयुक्त चिकित्सालय में दुर्घटनाग्रस्त मरीजों के उपचार के लिए आधुनिक सी-आर्म मशीन उपलब्ध है और पोषण पुनर्वास केंद्र भी संचालित किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय और मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालयों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिन्हें मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ अब विद्यार्थियों की उपस्थिति भी यूपीएमएसपी पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जा रही है।

सिंचाई और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा

सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नलकूप खंड गाजियाबाद के अंतर्गत गाजियाबाद में 92, हापुड़ में 158 और गौतमबुद्धनगर में 74 राजकीय नलकूप संचालित हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नोएडा प्राधिकरण और नगर पालिका परिषद दादरी के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

नोएडा क्षेत्र में संचालित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन, एंटी स्मॉग गन, मैकेनिकल स्वीपिंग और उद्योगों की निगरानी से संबंधित विस्तृत जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत की गई।

योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

बैठक के अंत में समिति के सभापति राजपाल सिंह बालियान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में संचालित विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में और प्रभावी तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को उनका पूरा लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने समिति को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित विभागों द्वारा पूरी गंभीरता के साथ पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

बैठक में एडीसीपी अजय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, डीसीपी अशोक निम, डीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगेश दुबे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।