शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर में एलपीजी कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त: गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर चला सघन जांच अभियान, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो निकला फर्जी!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर में एलपीजी कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त: गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर चला सघन जांच अभियान, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो निकला फर्जी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 13 मार्च 2026।
जनपद में एलपीजी गैस के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरे जनपद में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत उपजिलाधिकारी और नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में बांट-माप विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग तथा ऑयल कंपनियों के अधिकारियों की संयुक्त टीमों का गठन कर विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में गठित टीमों ने विगत दिवस जनपद के कई क्षेत्रों में संचालित गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान तहसील दादरी क्षेत्र में मैसर्स साहिल एचपी गैस सर्विस, मैसर्स बालाजी एचपी गैस सर्विस, ग्राम पटाड़ी नगर नोएडा स्थित मैसर्स भारद्वाज भारत गैस, ग्राम पृथला स्थित मैसर्स राजेश भारत गैस, सेक्टर-122 नोएडा स्थित मेहुल भारत गैस, ग्राम हरौला में मैसर्स कोमल भारत गैस, सेक्टर-20 ग्रेटर नोएडा में मैसर्स सिद्ध लक्ष्मी एचपी गैस एजेंसी, ग्राम लक्सर में मैसर्स साईं विनय भारत गैस एजेंसी, तहसील जेवर के ग्राम दयानंतपुर में मोनू एचपी गैस एजेंसी तथा ग्राम थोरा में मैसर्स प्रबुद्ध भारत गैस एजेंसी का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान सभी गैस एजेंसियों पर एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में पाई गई। साथ ही पैसो, वेट तथा मेजरमेंट से संबंधित सभी लाइसेंस और अभिलेख भी सही पाए गए। अधिकारियों ने एजेंसियों पर वितरण व्यवस्था, स्टॉक और उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

इसके अलावा अन्य टीमों ने तहसील दादरी क्षेत्र में मैसर्स शर्मा फिलिंग स्टेशन बिसहाड़ा और सेक्टर-14 नोएडा स्थित मैसर्स नोएडा ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान दोनों पेट्रोल पंपों पर पैसो, वेट और मेजरमेंट से जुड़े लाइसेंस सही पाए गए। साथ ही स्वच्छ पेयजल, हवा और शौचालय की सुविधाएं भी संतोषजनक और साफ-सुथरी पाई गईं। अधिकारियों के अनुसार सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला।

जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध गतिविधि पर रोक लगाने के लिए यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

इसी दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर एक न्यूज चैनल की ओर से प्रसारित एक वीडियो भी चर्चा में आया, जिसमें “घर चूल्हा छोड़ महिलाएं कतारों में खड़ी और भाजपा कर रही—ये सब अफवाह है, भाई वाह” शीर्षक से खबर दिखाई गई थी। इस वीडियो को गौतमबुद्धनगर से संबंधित बताया जा रहा था।

इस संबंध में प्रशासन द्वारा कराई गई तथ्यात्मक जांच में पता चला कि वीडियो के बैकग्राउंड में इंडेन गैस एजेंसी का पता Crossing Republic, Dundahera, Ghaziabad-201016 दर्शाया गया है। इससे स्पष्ट हो गया कि यह वीडियो गौतमबुद्धनगर का नहीं बल्कि गाजियाबाद क्षेत्र से संबंधित है।

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक और अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि गौतमबुद्धनगर में एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और इसकी आपूर्ति पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है।