शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: न्योछावर के पैसों के विवाद में युवक की हत्या, नोएडा पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 2 नाबालिग हिरासत में!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: न्योछावर के पैसों के विवाद में युवक की हत्या, नोएडा पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 2 नाबालिग हिरासत में!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के झुंडपुरा स्थित एक बारात घर में शादी समारोह के दौरान न्योछावर के पैसे बटोरने को लेकर हुआ विवाद युवक की हत्या तक पहुंच गया। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत 5 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू, रक्तरंजित कपड़े और शादी के दौरान बटोरे गए रुपये भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के झुंडपुरा स्थित एक बारात घर में बारात चढ़त के दौरान कई युवक न्योछावर के पैसे बटोर रहे थे। इसी दौरान प्रथम पक्ष का एक युवक अपने भाई के साथ पैसे बटोरने के बाद घर लौट रहा था। उसी समय दूसरे पक्ष का एक बाल अपचारी अपने साथियों के साथ वापस जा रहा था।

इसी बीच न्योछावर के पैसे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बाल अपचारी ने अपने साथी आसिफ उर्फ अत्थी को बताया कि मृतक ने उसके हिस्से के बटोरे गए पैसे ले लिए हैं। इस बात से नाराज होकर आसिफ उर्फ अत्थी ने अपने साथियों रौनक, तौसीफ, सुदामा, सरफराज और एक अन्य बाल अपचारी के साथ मिलकर युवक पर हमला कर दिया।

झगड़े के दौरान आसिफ उर्फ अत्थी ने युवक पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने ऐसे पकड़े आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-24 पुलिस ने स्थानीय खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों सुदामा, रौनक, आसिफ उर्फ अत्थी, तौसीफ और सरफराज को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी शादी समारोह में न्योछावर के पैसे बटोरने आए थे। जब वे पैसे इकट्ठा करके वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में पैसों के बंटवारे को लेकर आपस में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया और चाकू से हमला कर दिया गया।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

  • शादी के दौरान एकत्र किए गए 1770 रुपये,
  • एक चाकू (आला-ए-कत्ल)
  • और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं।

आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुदामा (19), रौनक, आसिफ उर्फ अत्थी (20), तौसीफ (18) और सरफराज (23) के रूप में हुई है। ये सभी मूल रूप से बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और वर्तमान में नोएडा के झुंडपुरा व सेक्टर-8 इलाके में रह रहे थे।

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।