रविवार, 8 मार्च 2026

गोण्डा- "अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस" पर मुजेहना में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम

शेयर करें:
गोण्डा- "अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस" के अवसर पर विकासखण्ड मुजेहना के परिसर में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम का आयोजन आज किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता तथा शिक्षा को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक संसाधन केंद्र मुजेहना में एआईआईओटी एंड कंप्यूटर लैब, केजीबीवी तथा माँ सिद्धीदात्री पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख इटियाथोक, ब्लॉक प्रमुख मुजेहना तथा नगर पंचायत अध्यक्ष धानेपुर द्वारा किया गया।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना तथा उनके शैक्षणिक विकास के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और छात्राओं को प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य किट एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक शौचालयों पर कार्य करने वाली केयर टेकर महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 101 महिलाओं को गोनार्द स्वच्छता मार्ट की चाबी वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना तथा उन्हें “लखपति दीदी” के रूप में विकसित करना है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
इसी क्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में कार्यरत 68 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों की चाबियां भी वितरित की गईं। इससे बच्चों और महिलाओं को बेहतर पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। साथ ही, कार्यक्रम के दौरान पात्र महिला लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख इटियाथोक पूनम द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख मुजेहना, नगर पंचायत अध्यक्ष धानेपुर, डीडीओ, डीसी एनआरएलएम, खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।