गौतमबुद्धनगर: अंडरपास में खराब हुई गाड़ी से थमा नोएडा एलिवेटेड रोड का ट्रैफिक, पीक ऑवर में लगा भीषण जाम; घंटों फंसे रहे लोग, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल!!
दो टूक// नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा में सोमवार सुबह पीक ऑवर के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सेक्टर-18 अंडरपास में एक गाड़ी के अचानक खराब हो जाने से नोएडा एलिवेटेड रोड पर लंबा जाम लग गया। स्थिति यह हो गई कि करीब डेढ़ से दो घंटे तक वाहन रेंगते रहे और लोग मुश्किल से 100 से 200 मीटर तक ही आगे बढ़ पाए। इस दौरान ऑफिस जाने वाले सैकड़ों लोग जाम में फंस गए, जिससे कई कर्मचारियों की ड्यूटी और मीटिंग्स प्रभावित हुईं।
जानकारी के मुताबिक सुबह के व्यस्त समय में सेक्टर-71 की ओर से आने वाले वाहन तेज रफ्तार से सेक्टर-18 की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान एक कार सेक्टर-18 अंडरपास में प्रवेश करते समय तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में ही बंद हो गई। अंडरपास की तीन लेन में से एक लेन पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे वहां बॉटलनेक की स्थिति बन गई। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई और एलिवेटेड रोड पर ट्रैफिक पूरी तरह जाम में बदल गया।
दो घंटे तक जाम में फंसे रहे लोग
जाम इतना लंबा था कि कई वाहन चालकों को डेढ़ से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। एलिवेटेड रोड पर एक बार चढ़ने के बाद बाहर निकलने का विकल्प नहीं होने के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई। कई कर्मचारियों को अपने कार्यालयों में फोन कर देरी की सूचना देनी पड़ी, जबकि कुछ लोगों ने आधे दिन की छुट्टी तक ले ली।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
जाम में फंसे लोगों ने सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट कर प्रशासन और ट्रैफिक व्यवस्था पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि एलिवेटेड रोड पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद पुलिस को इतनी देर तक जाम की जानकारी नहीं मिल पाई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि क्या ये कैमरे सिर्फ चालान काटने के लिए लगाए गए हैं।
पुलिस की देर से पहुंची टीम, क्रेन से हटाई गई गाड़ी
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से खराब पड़ी गाड़ी को अंडरपास से हटवाया। इसके बाद धीरे-धीरे जाम में फंसे वाहनों को आगे बढ़ाया गया और यातायात सामान्य कराया गया।
पुलिस का क्या कहना है
ट्रैफिक डीसीपी शैलेंद्र ने बताया कि सेक्टर-18 अंडरपास में एक वाहन खराब होने के कारण एलिवेटेड रोड पर जाम की स्थिति बनी थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से वाहन को हटाया और करीब आधे घंटे के भीतर ट्रैफिक को सामान्य कर दिया गया।
हालांकि जाम में फंसे लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो उन्हें घंटों परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। इस घटना ने एक बार फिर नोएडा की व्यस्त सड़कों पर ट्रैफिक प्रबंधन की चुनौतियों को उजागर कर दिया है।।
