गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में 900 रुपये के बिल पर बवाल: दबंगों ने ढाबा संचालक और कर्मचारियों को लाठी-डंडों से पीटा, वारदात CCTV में कैद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर खाने के बिल को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि करीब 900 रुपये के खाने के बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर ढाबे पर मौजूद कर्मचारियों और संचालक को पीट दिया और गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आधा दर्जन से अधिक दबंग ढाबे पर खाना खाने आए थे। जब कर्मचारियों ने उनसे करीब 900 रुपये का बिल चुकाने को कहा तो आरोपियों ने पैसे देने को लेकर बहस शुरू कर दी। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने ढाबे के कर्मचारियों और संचालक के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर कर्मचारियों को घायल कर दिया और ढाबे में हंगामा करते हुए धमकी देकर फरार हो गए। घटना के दौरान ढाबे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग डर के कारण दूर खड़े होकर तमाशा देखते रहे।
पूरी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कई लोग मिलकर ढाबे के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
