सोमवार, 16 मार्च 2026

‘शूटर दादी’ प्रकाशी तोमर की हालत गंभीर, नोएडा के अस्पताल में भर्ती; देशभर में दुआओं का दौर!!

शेयर करें:

‘शूटर दादी’ प्रकाशी तोमर की हालत गंभीर, नोएडा के अस्पताल में भर्ती; देशभर में दुआओं का दौर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// बागपत/नोएडा: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के जौहड़ी गांव की मशहूर निशानेबाज और “शूटर दादी” के नाम से देश-विदेश में पहचान बनाने वाली Prakashi Tomar की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें गंभीर हालत में नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर परिवार के साथ-साथ खेल जगत और प्रशंसकों में चिंता का माहौल है।

परिजनों के अनुसार रविवार सुबह जौहड़ी गांव में घर का कामकाज करते समय अचानक उनकी नाक की नस फट गई, जिसके बाद उन्हें चक्कर आ गया और वे गिर पड़ीं। परिवार के लोग तुरंत उन्हें बड़ौत के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उन्हें नोएडा के Kailash Hospital में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

इस दौरान उनकी बेटी और राष्ट्रीय स्तर की ट्रैप शूटर Seema Tomar तथा बेटा रामबीर भी अस्पताल में मौजूद हैं। सीमा तोमर ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि नाक की नस फटने के कारण दादी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।

60 साल की उम्र में थामी थी पिस्टल

प्रकाशी तोमर ने जिस उम्र में लोग आमतौर पर आराम करना पसंद करते हैं, उस उम्र में उन्होंने खेल की दुनिया में कदम रखा। करीब 60 साल की उम्र में उन्होंने पहली बार पिस्टल उठाई और अपने शानदार निशाने से कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर सबको चौंका दिया।

बताया जाता है कि एक प्रतियोगिता में उन्होंने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (डीआईजी) को भी हराकर गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश का नाम रोशन किया।

संघर्ष की कहानी पर बनी बॉलीवुड फिल्म

शूटर दादी और उनकी साथी चंद्रो तोमर के संघर्ष और सफलता की कहानी से प्रेरित होकर बॉलीवुड में फिल्म भी बनाई गई। वर्ष 2019 में रिलीज हुई फिल्म Saand Ki Aankh में Taapsee Pannu और Bhumi Pednekar ने क्रमशः प्रकाशी और चंद्रो तोमर की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म का निर्देशन Tushar Hiranandani ने किया था और इसकी शूटिंग का बड़ा हिस्सा जौहड़ी गांव में ही हुआ था।

शूटिंग रेंजों में दादी के लिए प्रार्थना

जौहड़ी गांव सहित बागपत और आसपास के जिलों की कई शूटिंग रेंज और एकेडमियों में प्रशिक्षण ले रहे युवा निशानेबाजों ने “शूटर दादी” के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

खेल जगत और ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली प्रकाशी तोमर की कहानी आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है। ऐसे में उनके प्रशंसक और खेल प्रेमी उनके जल्द स्वस्थ होकर फिर से मुस्कुराने की दुआ कर रहे हैं।।