गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सफाई कर्मियों का हल्लाबोल: दलित प्रेरणा स्थल पर प्रदर्शन, दिल्ली जाने वाले मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम!!
नोएडा, 13 मार्च 2026।
दो टूक//नोएडा प्राधिकरण के पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट को समाप्त करने के प्रस्ताव के विरोध में शुक्रवार को सफाई कर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में संविदा सफाई कर्मचारियों ने सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित दलित प्रेरणा स्थल पर एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण नोएडा से दिल्ली जाने वाले मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
प्रदर्शन के चलते महामाया फ्लाईओवर से लेकर दलित प्रेरणा स्थल तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क पर फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के साथ ही प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों से इस मार्ग पर यात्रा करने से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।
दरअसल, नोएडा प्राधिकरण द्वारा पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट को समाप्त करने के प्रस्ताव के बाद कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि जिस विभाग की मेहनत से नोएडा ने स्वच्छता के मामले में देश के प्रमुख शहरों में अपनी पहचान बनाई, उसी विभाग को समाप्त करने का फैसला कर्मचारियों के साथ अन्याय है।
प्रदर्शन कर रहे संविदा सफाई कर्मियों ने नव नियुक्त सीईओ कृष्णा करुणेश पर कर्मचारियों के उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे उनमें रोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
सफाई कर्मियों के आंदोलन का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। कई इलाकों से कूड़े के ढेर लगने और सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी बीच जानकारी मिली है कि 15 मार्च को प्रस्तावित सफाई महाभियान भी फिलहाल रद्द कर दिया गया है।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शहर में चर्चा तेज हो गई है और प्राधिकरण के फैसले पर कई सवाल उठ रहे हैं। वहीं, प्रदर्शन और जाम के कारण आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द समाधान निकालने की कोशिश में जुटा है।
