गोण्डा- थाना कोतवाली देहात में थाना समाधान दिवस का आज आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा उपस्थित फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयोजित समाधान दिवस में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से आए नागरिकों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जा, रास्ता अवरोध, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि, पारिवारिक विवाद तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनके निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
समाधान दिवस के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को निश्चित समयसीमा निर्धारित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जो लेखपाल बिना किसी सूचना के अनुपस्थित हैं उनको तत्काल शोकाज नोटिस जारी किया जाए।
