गोण्डा- जिले के इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र में पेट्रोल व डीजल की अचानक मांग बढ़ने से पेट्रोल पंपों की हालत काफी खराब हो गई है। शनिवार दोपहर में क्षेत्र के सदाशिव, अयाह, नए गांव व करुवापारा पेट्रोल पंप का जायजा लिया गया। इस दौरान यह सभी पम्प बंद पाए गए। यहाँ पर तेल लेने हेतु आने वाले लोगो को बताया गया कि स्टॉक खत्म होने से पम्प को बंद किया गया है। एक तरफ जिला प्रशासन और पेट्रोलियम कंपनियों का कहना है कि कहीं भी डीजल व पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। दूसरी तरफ इटियाथोक क्षेत्र के सभी चारो पेट्रोल पंप शनिवार को बंद पाए गए। ऐसी दशा में क्षेत्र के हजारों लोग डीजल और पेट्रोल के लिए काफी परेशान नजर आए जो ईंधन के लिए इधर उधर भाग दौड़ करने को मजबूर है। क्षेत्र के पंडित लवकुश शुक्ला, दद्दन मिश्र, हरिओम तिवारी, शिवकुमार तिवारी, शुक्ला प्रसाद शुक्ला, पवन कुमार, गुड्डू आदि ने कहा कि इलाके के सभी पेट्राेल पंप पर इस समय पेट्रोल- डीजल नहीं मिल रहा है, इस वजह काफी दिक्कत पेश आ रही है। किसानों ने कहा कि डीजल न मिलने से पम्पिंग सेट व ट्रेक्टर घरो पर खड़े है और खेती किसानी के काम बुरी तरह से बाधित है। किसानों ने कहा कि डीजल न मिलने से लाहा मड़ाई, गन्ने की बुवाई और सिंचाई, खेत की जोताई आदि तमाम कार्य बाधित है। वहीं आमजनों सहित दुकानदारों ने कहा कि पेट्रोल न मिलने से मोटरसाइकिल घरो पर खड़ी हो गई है और जरूरी कार्यो सहित बिजनेस खराब हो गया है। चौपहिया व दुपहिया वाहनो के लिए डीजल व पेट्रोल न मिलने से लोग काफी परेशान है और उन्हें इधर उधर आने जाने में भारी दिक्कत हो रही है।