शनिवार, 21 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध कमर्शियल गतिविधियों पर प्राधिकरण का बड़ा एक्शन: इंडस्ट्रियल प्लॉट पर चल रहा कार शोरूम सील, पांच और पर गिरी गाज!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध कमर्शियल गतिविधियों पर प्राधिकरण का बड़ा एक्शन: इंडस्ट्रियल प्लॉट पर चल रहा कार शोरूम सील, पांच और पर गिरी गाज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। शहर में औद्योगिक क्षेत्रों में नियमों के विपरीत चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर अब सख्ती शुरू हो गई है। इसी क्रम में सेक्टर-10 स्थित एक बड़े कार शोरूम पर प्राधिकरण ने कड़ा एक्शन लेते हुए उसे सील कर दिया। यह शोरूम औद्योगिक भूखंड पर अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था, जबकि संबंधित प्लॉट का आवंटन वर्ष 2022 में ही निरस्त किया जा चुका था।

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-10 के सी-ब्लॉक में स्थित यह भूखंड मूल रूप से औद्योगिक उपयोग के लिए आवंटित किया गया था। इसके बावजूद पिछले कई वर्षों से यहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। लगातार नियमों के उल्लंघन और चेतावनियों की अनदेखी के बाद आखिरकार प्राधिकरण को सख्त कदम उठाना पड़ा और पूरे परिसर को सील कर दिया गया।

नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, बहाली प्रक्रिया भी नहीं कराई पूरी
करीब 800 वर्गमीटर क्षेत्र में फैले इस शोरूम को लेकर प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि आवंटन निरस्त होने के बाद भी न तो बहाली के लिए कोई वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और न ही अवैध गतिविधियां बंद की गईं। ऐसे में यह कार्रवाई अपरिहार्य हो गई। अधिकारियों ने यह भी बताया कि यदि आवंटी निर्धारित शुल्क और प्रक्रिया के तहत आवेदन करता है, तो नियमानुसार बहाली पर विचार किया जा सकता है, लेकिन तब तक किसी भी प्रकार की गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

अन्य अवैध संचालनकर्ताओं में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद औद्योगिक क्षेत्रों में नियमों के खिलाफ काम कर रहे अन्य संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्राधिकरण ने ऐसे पांच अन्य भूखंडों की भी पहचान की है, जहां औद्योगिक प्लॉट पर व्यावसायिक कार्य हो रहा है। इन सभी को नोटिस जारी कर दिया गया है।

आगे और सख्ती के संकेत
प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि औद्योगिक क्षेत्रों के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि नोटिस के बाद भी नियमों का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित भूखंडों पर भी सीलिंग जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई और तेज होने के संकेत हैं, जिससे शहर में भूमि उपयोग के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।।