मंगलवार, 10 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सफाई और व्यवस्थाओं पर सख्ती: सीईओ कृष्णा करुणेश का निरीक्षण, कई कर्मचारियों पर कार्रवाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सफाई और व्यवस्थाओं पर सख्ती: सीईओ कृष्णा करुणेश का निरीक्षण, कई कर्मचारियों पर कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा, 10 मार्च।
शहर की सफाई व्यवस्था, रखरखाव और विकास कार्यों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने मंगलवार को शहर के विभिन्न सेक्टरों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सफाई और रखरखाव में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह सहित विभिन्न वर्क सर्किलों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सीईओ ने शहर के सेक्टर-8, 11, 55, 57, 62, 63, 107 सहित कई क्षेत्रों का दौरा कर सड़कों, नालों, सर्विस रोड, सेंट्रल वर्ज, बारातघरों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सेक्टर-8 के ई-9 के पास मलबे का बड़ा ढेर पाया गया। इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उस क्षेत्र में तैनात सफाईकर्मी राहुल और साबनी तथा हेल्थ सुपरवाइजर श्रीप्रकाश मिश्रा की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अवर अभियंता हरेंद्र मलिक का 10 दिन का वेतन रोकने के भी आदेश दिए गए।

सीईओ ने शहर में मौजूद बड़े नालों को कवर कर उनके ऊपर वेंडिंग जोन विकसित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए, ताकि शहर की उपयोगिता और सुविधाएं बढ़ाई जा सकें। कई स्थानों पर टूटी और क्षतिग्रस्त नालियों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सेक्टर-11 के ए-ब्लॉक मार्केट के पास ड्रेन पर प्रीकास्ट स्लैब लगाकर फुटपाथ कनेक्ट करने के निर्देश दिए गए। वहीं सेक्टर-55 में ट्राइपॉड के पास मलबा मिलने पर तत्काल सफाई कराने और होटल रेडिसन ब्लू के पास सर्विस रोड की कनेक्टिविटी सुधारने को कहा गया।

इसी तरह सेक्टर-57 में सी-4 के पास कूड़ा और सी-60 से 63 के पास भारी मात्रा में मलबा मिलने पर संबंधित क्षेत्र के सुपरवाइजर आजाद की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए गए।

सीईओ के निरीक्षण में खोड़ा क्षेत्र के सेंट्रल वर्ज में गंदगी, सेक्टर-62 में सड़कों पर पत्तों और उद्यान विभाग का कचरा, तथा कई जगहों पर बंद और गंदगी से भरी सर्विस रोड भी सामने आई। इन सभी स्थानों पर तत्काल सफाई कर नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सेक्टर-62 से गुजरने वाले नाले के ऊपर फुटपाथ निर्माण कराने और सड़कों पर घूम रही निराश्रित गायों को अभियान चलाकर गौशालाओं में भेजने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सेक्टर-62 के बारातघर का भी निरीक्षण किया गया, जहां उसके नवीनीकरण के निर्देश दिए गए। वहीं फोर्टिस अस्पताल के पास सड़क के सौंदर्यीकरण का भी निर्देश दिया गया।

सेक्टर-63 के सेंट्रल वर्ज और आंतरिक मार्गों पर सूखी टहनियां और पत्तों का कूड़ा मिलने के साथ ही नाले में भारी मात्रा में कूड़ा पाए जाने से नाला जाम मिला। इस मामले में क्षेत्र के सफाईकर्मी धर्मवीर और सुपरवाइजर आकाश की सेवाएं समाप्त करने, संबंधित प्रबंधक को चेतावनी देने तथा ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम बरौला में हनुमान मंदिर के सामने 75 मीटर चौड़ी सड़क के पास प्राधिकरण की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा झुग्गियां बनाकर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सेक्टर-107 के पास नाले की टूटी दीवार और सोसाइटी के प्रवेश द्वार पर बाहर निकली लोहे की सरिया को सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक बताते हुए तत्काल ठीक कराने को कहा गया।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर एमिटी स्कूल के पास सर्विस रोड क्षतिग्रस्त मिलने पर तत्काल पैच रिपेयर कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में झुग्गियां बनाकर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए भी कार्रवाई करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित एजेंसी ए-जी एनवायरो इंफ्रा प्रोजेक्ट प्रा. लि. पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।

सीईओ कृष्णा करुणेश ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नोएडा के सभी बारातघरों का सर्वे कर आवश्यकतानुसार उनका नवीनीकरण कराया जाए। इसके साथ ही शहर के सभी लेफ्ट टर्न को जल्द सुगम बनाने, सभी नालों का सर्वे कर उनके कवर दुरुस्त करने और सभी बस स्टॉप की मरम्मत व नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी वर्क सर्किलों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक दिन सुबह 10 बजे तक शहर के सभी स्थानों से कूड़ा उठाना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि नोएडा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखा जा सके।।