गौतमबुद्धनगर: नोएडा अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 104 टेट्रा पैक देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत थाना फेस-1 पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 104 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार 10 मार्च 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर अभियान चलाया। इसी दौरान सेक्टर-14 स्थित गंदा नाला क्षेत्र के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से आरोपी राहुल पुत्र राकेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध रूप से शराब की तस्करी कर उसे आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस ने उसके कब्जे से 104 टेट्रा पैक ‘दोस्ताना’ ब्रांड की देशी शराब (उत्तर प्रदेश मार्का) बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल (उम्र लगभग 30 वर्ष) निवासी ग्राम नया बांस, सेक्टर-15 नोएडा, थाना फेस-1, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना फेस-1 नोएडा में मु0अ0सं0-118/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।।
