गौतमबुद्धनगर: यमुना पुस्ता पर पुलिस-बदमाश मुठभेड़, सुन्दर भाटी गैंग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात सुन्दर भाटी गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 15 मार्च 2026 की देर रात थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस और अपराध शाखा की टीम को सूचना मिली कि शासन द्वारा चिन्हित माफिया सुन्दर भाटी गैंग के दो सक्रिय सदस्य किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में यमुना पुस्ता स्थित ग्राम घरबरा के पास मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान धर्मेन्द्र उर्फ डी.के. (32 वर्ष) पुत्र कवर सिंह निवासी ग्राम कमबक्शपुर थाना नॉलेज पार्क जिला गौतमबुद्धनगर तथा अर्जुन (28 वर्ष) पुत्र संजय निवासी डी-239 पटपड़गंज वाल्मीकि कॉलोनी थाना पांडव नगर दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी धर्मेन्द्र के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं, जबकि आरोपी अर्जुन के पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। बरामद खोखा कारतूस वही हैं जो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग के दौरान चलाए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ डी.के. पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अर्जुन के खिलाफ भी मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी माफिया सुन्दर भाटी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। समय रहते पुलिस की सतर्कता से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
