बुधवार, 11 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: दो टूक मीडिया की खबर का बड़ा असर: बख्तावरपुर में सफाई व्यवस्था पर हरकत में आया नोएडा प्राधिकरण, कर्मचारियों को फटकार के बाद शुरू हुआ सफाई अभियान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दो टूक मीडिया की खबर का बड़ा असर: बख्तावरपुर में सफाई व्यवस्था पर हरकत में आया नोएडा प्राधिकरण, कर्मचारियों को फटकार के बाद शुरू हुआ सफाई अभियान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। सेक्टर-127 स्थित ग्राम बख्तावरपुर में गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर दो टूक मीडिया पर खबर प्रसारित होते ही नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। खबर सामने आते ही अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग और सफाई कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा गांव में तुरंत सफाई कराने के निर्देश जारी किए।

दरअसल, बख्तावरपुर गांव में लंबे समय से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई थी। गांव की नालियां गंदगी से भरी पड़ी थीं और कई गलियों व रास्तों पर करीब एक महीने से झाड़ू तक नहीं लगी थी। जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ था, जिससे बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा था। इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी थी और लोगों का कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही थी।

दो टूक मीडिया पर यह मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सफाई कर्मचारियों को गांव में भेजा। अधिकारियों के आदेश के बाद सफाई कर्मचारियों ने आनन-फानन में गांव की गलियों और नालियों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या पर मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद ही प्रशासन हरकत में आया है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब नोएडा प्राधिकरण नियमित रूप से सफाई व्यवस्था पर ध्यान देगा, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।

स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि मीडिया द्वारा मुद्दे को उठाने से प्रशासन की नींद टूटी है और अब गांव में सफाई कार्य शुरू होना राहत की बात है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग भविष्य में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करे और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनी रह सके।