नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का प्रदर्शन: एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कालकाजी में कैंडल मार्च और हस्ताक्षर अभियान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नई दिल्ली, 8 मार्च।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में एलपीजी गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में महिलाओं ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक एवं बीएलए-1 कालकाजी विधानसभा ज्योत्सना गोगिया ने किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ एकजुट होकर प्रदर्शन किया। हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लेकर महिलाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकाला और सरकार से रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि एलपीजी गैस की लगातार बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर घर संभालने वाली महिलाओं और मध्यम तथा गरीब वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। महंगाई के कारण घरेलू बजट बिगड़ता जा रहा है और आम परिवारों के लिए रसोई चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
इस अवसर पर ज्योत्सना गोगिया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अधिकारों और सम्मान का प्रतीक है, लेकिन वर्तमान समय में महंगाई ने महिलाओं की सबसे बड़ी चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाने के लिए यह कैंडल मार्च और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और एलपीजी गैस आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सरकार ने महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया तो आम जनता का आक्रोश और बढ़ेगा।
प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से इस्तीफे की मांग भी की। साथ ही सरकार से यह भी आग्रह किया गया कि एलपीजी गैस की कीमतों में तत्काल कमी कर आम जनता को राहत प्रदान की जाए।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने हस्ताक्षर कर इस अभियान का समर्थन किया और बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपनी एकजुटता दिखाई।
अंत में ज्योत्सना गोगिया ने कहा कि जब तक आम जनता को महंगाई से राहत नहीं मिलती, तब तक इस प्रकार के लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेंगे और महिलाओं की आवाज लगातार बुलंद की जाती रहेगी।
