सोमवार, 9 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: महिला शक्ति को मिला सम्मान: ‘महिला श्री अवार्ड – सीजन 3’ में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ भव्य सम्मान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: महिला शक्ति को मिला सम्मान: ‘महिला श्री अवार्ड – सीजन 3’ में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ भव्य सम्मान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से नोएडा लोकमंच द्वारा आयोजित “महिला श्री अवार्ड – सीजन 3” का भव्य कार्यक्रम रविवार को दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन (DME), सेक्टर-62, नोएडा के सभागार में गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों तथा प्रबुद्ध नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

इस अवसर पर सामाजिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक तथा अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को “महिला श्री अवार्ड” से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली प्रमुख महिलाओं में सिंधु रवि, श्रेया शर्मा, दीपिका चंद्रा, लक्ष्मी नेगी, प्रिया उपाध्याय, श्वेता गुप्ता, राजेश्वरी त्यागराजन, झूमा बिस्वास नाग, वसुधा तिवारी, डॉ. बानी बोरा, डॉ. एस. अनुपमा भारद्वाज, सपना दत्ता और शिल्पी गोयल शामिल रहीं। इन सभी महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन (DME) के फाउंडर विपिन सहनी एवं किरण सहनी, हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति भंवर सिंह, फेलिक्स हॉस्पिटल एंड ग्रुप्स की डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता, आईईएक्स लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ सत्यानारायण गोयल, भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान तथा टेन न्यूज़ नोएडा के फाउंडर गजानन माली सहित कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का संचालन रैना शाहमिरी एवं इंदिरा चौधरी ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस दौरान संस्कार अध्ययन केंद्र के बच्चों द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक सामाजिक नाटक की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित दर्शकों को भावुक करने के साथ-साथ समाज में महिलाओं की भूमिका और उनकी चुनौतियों पर गहरा संदेश भी दिया। दर्शकों ने इस प्रस्तुति की खूब सराहना की।

इस अवसर पर नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने कहा कि संस्था का उद्देश्य उन महिलाओं को मंच प्रदान करना है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने कहा कि “महिला श्री अवार्ड के माध्यम से हम समाज की उन प्रेरणादायी मातृशक्तियों को सम्मानित कर रहे हैं, जो अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर दूसरों के लिए प्रेरणा बन रही हैं।”

उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम नोएडा लोकमंच के सांस्कृतिक प्रकल्प “पहला कदम” के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें Rotary Club of Delhi Okhla City तथा दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन (DME) का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यक्रम के अंत में नोएडा लोकमंच की कोषाध्यक्ष विभा बंसल ने सभी मुख्य अतिथियों, सम्मानित महिलाओं, प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा नोएडा लोकमंच की पूरी टीम उपस्थित रही।