शुक्रवार, 6 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में रोडवेज बस में लगी भीषण आग, फायर सर्विस ने पाया काबू; शॉर्ट सर्किट की आशंका!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में रोडवेज बस में लगी भीषण आग, फायर सर्विस ने पाया काबू; शॉर्ट सर्किट की आशंका!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कासना-सूरजपुर रोड पर होंडा चौक के पास एक रोडवेज बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बस के इंजन वाले हिस्से से धुआं और लपटें उठने लगीं। हालांकि समय रहते सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार दिनांक 06 मार्च 2026 को थाना बीटा-2 क्षेत्र में होंडा चौक के पास खड़ी रोडवेज बस (रजिस्ट्रेशन नंबर UP13DT3541) में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस के इंजन के अगले हिस्से में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने से बस का अगला हिस्सा आंशिक रूप से जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना के समय बस में चालक के अलावा कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिस कारण कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस से बाहर निकलकर मदद के लिए सूचना दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

यह घटना कासना-सूरजपुर रोड पर रेडिसन होटल के पास हुई, जो कि थाना बीटा-2 क्षेत्र के अंतर्गत आता है। मौके पर पुलिस और फायर विभाग की टीम ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और आसपास के क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।