गुरुवार, 5 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 300 बेड वाले KDSG सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का किया उद्घाटन!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 300 बेड वाले KDSG सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का किया उद्घाटन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के वैदपुरा (सेक्टर-10) में नवनिर्मित KDSG सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूर्व दिग्गज क्रिकेटर Kapil Dev के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में तैयार किए गए इस अत्याधुनिक अस्पताल का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद, विधायक, जिले के प्रभारी मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। लगभग 300 से अधिक बेड की क्षमता वाले इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शुरू होने से नोएडा एक्सटेंशन, ग्रेटर नोएडा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और इस तरह के आधुनिक अस्पताल प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में देश का नाम रोशन करने वाले कपिल देव अब सेवा के क्षेत्र में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान देने जा रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा, “कपिल देव ने क्रिकेट में देश का गौरव बढ़ाया है, अब वे स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में भी समाज की सेवा करेंगे। मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करें, आधी बीमारी वैसे ही दूर हो जाती है। भरोसा और बेहतर सुविधाएं ही स्वास्थ्य सेवा का मूल मंत्र है।”

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लाखों लोगों को राहत मिल रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 तक देश में केवल 6 एम्स संचालित हो रहे थे, जबकि आज केंद्र सरकार की पहल से देश में 23 एम्स काम कर रहे हैं और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है ताकि लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में क्रिकेट के दिनों को याद करते हुए कपिल देव की गेंदबाजी का जिक्र करते हुए कहा कि जब वे गेंदबाजी शुरू करते थे तो पाकिस्तान की हार लगभग तय मानी जाती थी।

क्षेत्र को मिलेगी बड़ी राहत
KDSG सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के शुरू होने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, नोएडा एक्सटेंशन और आसपास के गांवों के लाखों लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों, आधुनिक उपकरणों और बेहतर इमरजेंसी सेवाओं से यह अस्पताल क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।।